CWG 2022 Boxing: सुपर हैवीवेट वर्ग में सागर अहलावत गोल्ड से चूके, रजत पदक से करना पड़ा संतोष

भारत के सागर अहलावत बॉक्सिंग के सुपर हैवीवेट वर्ग में गोल्ड मेडल अपने नाम करने से चूक गए। इंग्लैंड के डिलीसियस ओरी ने उन्हें 2-1 के अंतर से मात दी।  

Sagar-Ahlawat
सागर अहलावत   |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • पहले राउंड में जीत दर्ज करने के बाद सागर अहलावत ने गंवाया मुकाबला
  • इंग्लैंड के मुक्केबाज ने उठाया सागर पर हावी हो रही थकान का फायदा
  • बॉक्सिंग में 3 स्वर्ण, 1 रजत और 3 कांस्य पदक जीतकर दूसरे पायदान पर रहा भारत

बर्मिंघम: भारत के युवा मुक्केबाज सागर अहलावत को पुरुषों की 92 किग्रा से ज्यादा वजन वाले सुपर हैवीवेट वर्ग में इंग्लैंड के डिलीसियस ओरी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। 5-0 के अंतर से जीत के साथ शुरुआत करने के बाद सागर अहलावत को अंतिम दो राउंड में 0-5 से हार का सामना करना पड़ा। इस तरह उन्होंने अच्छी शुरुआत के बाद 1-2 के अंतर से गोल्ड मेडल गंवा दिया। 

दूसरे दौर में थके दिखा सागर, ओरी ने उठाया फायदा
शानदार शुरुआत करने के बाद सागर पर थकान भारी पड़ती दिखी जिसका फायदा इंग्लैंड के डिलीसियस ओरी ने उठाया। दूसरे राउंड में इंग्लैंड के मुक्केबाज ने वापसी की और 5-0 से जीत दर्ज की।  हार जीत का फैसला अंतिम तीन मिनट पर टिक गया। थके दिख रहे सागर अहलावत तीसरे राउंड में भी दम नहीं दिखा पाए और एक मिनट शेष रहते चोटिल हो गए। यहीं पर उनकी हार सुनिश्चित हो गई थी। 

बॉक्सिंग में भारत ने जीते 7 पदक, दूसरे स्थान पर रहा
यह राष्ट्रमंडल खेलों में बॉक्सिंग का आखिरी मुकाबला था। ऐसे में भारत ने बॉक्सिंग में अपने अभियान का अंत 7 मेडल के साथ किया। भारत ने बॉक्सिंग में 3 स्वर्ण, 1 रजत और 3 कांस्य पदक जीते और बॉक्सिंग में दूसरे पायदान पर रहे। भारत के लिए गोल्ड निकहत जरीन, अमित पंघाल और नीतू ने स्वर्ण पदक जीते। वहीं सागर ने भारत को रजत दिलाया। रोहित टोकस, हुसैम उद्दीन मोहम्मद और जैमसिन ने कांस्य पदक जीता। 

पदक तालिका में चौथा पायदान पर पहुंचा भारत
सागर अहलावत के रजत पदक के साथ भारत के पदकों की संख्या 18 गोल्ड, 15 रजत और 22 कांस्य पदक के साथ 55 हो गई है। भारत पदक तालिका में न्यूजीलैंड को पीछे छोड़कर चौथे पायदान पर पहुंच गई है। 

अगली खबर